पूर्व भारतीय क्रिकेटर और 1983 में भारत के वर्ल्ड कप जीतने वाले अभियान के नायकों में से एक रहे मदन लाल का मानना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होना चाहिए। उनका कहना है कि इन दो सीनियर बल्लेबाजों का अनुभव और उनका प्रदर्शन टीम के अभियान के लिए बहुत अहम होगा।
मदन लाल ने कहा कि रोहित और कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी बड़े टूर्नामेंटों में टीम के लिए बहुत मूल्यवान होते हैं, जहां उनकी मौजूदगी और उनका प्रदर्शन बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि भारत के ये दोनों पूर्व कप्तान अपने शानदार करियर को खत्म करने से पहले एक और वर्ल्ड कप जीतना चाहेंगे।
मदन लाल ने 'आईएएनएस' से कहा, "मेरा मानना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को अगले वर्ल्ड कप में खेलना चाहिए। टीम के लिए उनका प्रदर्शन बहुत महत्वपूर्ण होगा। बड़े टूर्नामेंटों में टीम को उनके जैसे अनुभवी और बेहतरीन खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें होती हैं। मुझे यकीन है कि वे दोनों भी अपने करियर को अलविदा कहने से पहले एक और वर्ल्ड कप जीतना चाहेंगे। इसी वजह से मुझे लगता है कि उन्हें वर्ल्ड कप अभियान का हिस्सा होना चाहिए।"