भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले के दौरान एजबेस्टन के स्टैंड्स में मौजूद एमएस धोनी ने एक बार फिर अपने अंदाज से फैंस का दिल जीत लिया। मैच देखने पहुंचे पूर्व भारतीय कप्तान का एक नन्हे फैन के साथ बेहद प्यारा पल कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले को देखने के लिए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी पहुंचे हैं और मैच का लुत्फ उठाते नजर आए।
इसी दौरान ब्रॉडकास्ट कैमरों ने धोनी को अपने बगल में बैठे एक छोटे बच्चे के साथ बातचीत करते हुए कैद कर लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि नन्हा फैन मैच देखते हुए पॉपकॉर्न खा रहा था। तभी धोनी मुस्कुराते हुए उससे कुछ पॉपकॉर्न मांगने लगे। बच्चे ने भी बड़े ही मजेदार अंदाज में अपने पॉपकॉर्न धोनी के साथ शेयर किए। दोनों के बीच का यह छोटा सा पल देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।