25 जून। अफगानिस्तान के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी की धीमी पारी पर पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने निराशा जताई थी। सचिन द्वारा की गई धोनी की आलोचना दिग्गज विकेटकीपर के प्रशंसकों को रास नहीं आई और उन्होंने सचिन को भी नहीं बख्शा। धोनी ने 28 रन बनाने के लिए 52 गेंदों का सामना किया था जिसकी सचिन ने आलोचना की थी और कहा था कि धोनी की धीमी पारी में सकारात्मकता नहीं थी।
धोनी के एक प्रशंसक ने लिखा, "सचिन तेंदुलकर 95 से 100 तक पहुंचने के लिए 20 गेंदें लेते थे चाहे मैच किसी भी स्थिति में क्यों न हो और वह धोनी की इच्छाशक्ति पर सवाल कर रहे हैं। वाह मतलब वाह। मतलब हिप्पोक्रेसी की भी हद होती है भईया।"
धोनी के एक और प्रशंसक ने सचिन को ही नहीं उनके बेटे को भी आड़े हाथों लिया और लिखा, "धोनी क्रिकेट के राजा हैं। सचिन ने सिर्फ अपने लिए क्रिकेट खेली और अब अपने बेटे को भारतीय टीम में जगह दिलाने में लगे हुए हैं। वंशवाद की हद हो गई।"