पाकिस्तान के तेज गेंदबाज़ हसन अली एक बार फिर से अपने सेलिब्रेशन को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वो सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी मैच पलट सकते हैं। इंग्लैंड में खेले जा रहे विटैलिटी ब्लास्ट (Vitality Blast) टूर्नामेंट में यॉर्कशायर (Yorkshire) की तरफ से खेलते हुए हसन ने डर्बीशायर (Derbyshire) के खिलाफ ऐसी तूफानी पारी खेली, जिसने मैच का पूरा रुख बदल दिया।
डर्बीशायर के खिलाफ मुश्किल हालात में बैटिंग करने आए हसन ने सिर्फ 12 गेंदों में 31 रन ठोक दिए, जिसमें तीन लंबे छक्के और दो चौके शामिल थे। एक समय यॉर्कशायर की टीम 195 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह फंसी हुई नजर आ रही थी। टीम का स्कोर 139 रन पर 8 विकेट हो चुका था और जीत लगभग डर्बीशायर की तरफ जाती दिख रही थी।
हालांकि, तभी हसन अली और एंड्रयू टाई ने मिलकर कमाल कर दिया। दोनों बल्लेबाज़ों ने बिना दबाव लिए तेजी से रन बनाना शुरू किया और देखते ही देखते मैच यॉर्कशायर की तरफ मोड़ दिया। एंड्रयू टाई ने भी 13 गेंदों में 32 रन की अहम पारी खेली, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा हसन अली की पारी के बाद उनके सेलिब्रेशन की हो रही है। आखिरी ओवर में जीत के बाद हसन अली ने बैट ड्रॉप सेलिब्रेशन किया जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया और सोशल मीडिया पर फैंस मज़ेदार रिएक्शन्स देने लगे। हसन अली का ये वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
Hasan Ali pulls out the bat-drop celebration after sealing the win in the T20 Blast. pic.twitter.com/OFCqaRG1bE
— Sheri. (@CallMeSheri1_) May 25, 2026