मार्केस एकरमैन और रयान रिकेल्टन की शतकीय पारियों की मदद से साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 557 रन बनाकर बांग्लादेश के खिलाफ 157 रन की बढ़त हासिल कर ली है। बांग्लादेश ने चौथे दिन की समाप्ति तक महज 100 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल जल्द समाप्त कर दिया गया। यहां से साउथ अफ्रीका के पास पहले टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करने का शानदार मौका है।
वांडरर्स स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने तौहीद हिरदॉय (137) और लिटन दास (120) के शतकों की मदद से पहली पारी में 400 रन बनाए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी की। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेश का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है। मेजबान टीम की तरफ से कगिसो रबाडा ने 5 और डेन पैटरसन ने 4 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने 557 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 157 रन की बढ़त हासिल कर ली। साउथ अफ्रीका ने महज 5 के स्कोर पर एडेन मार्करम (4) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद जुबैर हमजा ने मार्केस एकरमैन के साथ दूसरे विकेट के लिए 202 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी।