राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी इस सीजन सिर्फ अपने बल्लेबाज़ी से ही नहीं, बल्कि अपने मजेदार अंदाज़ से भी फैंस का दिल जीत रहे हैं। आईपीएल (IPL 2026) में जहां वो ताबड़तोड़ रन बना रहे हैं, वहीं अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वो बच्चों के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, फ्रेंचाइज़ी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में सूर्यवंशी एयरपोर्ट पर दो छोटे फैंस से बातचीत करते दिखते हैं। इसी दौरान वो मजाकिया अंदाज़ में कहते हैं, “भाई, मैं फोटो लेने का पैसा लेता हूं, सही बोल रहा हूं।” यह सुनकर बच्चे कुछ पल के लिए हैरान रह जाते हैं और वहां से जाने लगते हैं।
लेकिन सूर्यवंशी यहीं नहीं रुकते। वो बच्चों को वापस बुलाते हैं और आगे कहते हैं, “मैं 100 रुपये लेता हूं, पूरे दोगे तो बोलो।” इस पर एक बच्चा तो 200 रुपये देने तक की बात कर देता है। इसके बाद युवा बल्लेबाज़ खुद ही हंसते हुए बता देते हैं कि यह सब एक मजेदार प्रैंक था।