IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी वनडे सीरीज के बीच टीम इंडिया के फैंस के लिए दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली T20I सीरीज की टीम में भी एक बदलाव किया गया है।
दरअसल, प्रसिद्ध कृष्णा को गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। उनकी चोट की वजह से वह अब सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होंगे। चयनकर्ताओं ने प्रसिद्ध कृष्णा के रिप्लेसमेंट के तौर पर युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया है। कंबोज अब टीम के साथ जुड़ेंगे और शनिवार (3 अक्टूबर) को चंडीगढ़ में होने वाले तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगे।
अंशुल कंबोज के लिस्ट-ए के आंकड़ों की बात करें तो इस 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने 35 मैचों में 22.41 की औसत से 56 विकेट चटकाए हैं।
वनडे टीम में बदलाव के अलावा भारतीय T20I टीम में भी एक परिवर्तन किया गया है। टीम मैनेजमेंट और चयन समिति ने ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज की टीम से रिलीज करने का फैसला किया है।