इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने इतिहास रचते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रन चेज़ कर दिए। दिल्ली के लिए इस मैच में केएल राहुल ने नाबाद 152 रनों की शतकीय पारी खेली थी जिसके दम पर पंजाब किंग्स के सामने उन्होंने 265 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन पंजाब के बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को 19वें ओवर में चेज़ करते हुए इतिहास रच दिया।
इस मैच में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 67 गेंदों पर 16 चौके और 9 छक्के ठोककर नाबाद 152 रन ठोके। वहीं दूसरी तरफ नितीश राणा ने भी 44 गेंदों पर 11 चौके और 4 छक्के लगाकर 91 रन बनाए। इन्हीं पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर 264 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए।
पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट ही एक-एक विकेट निकाल पाए। इसके बाद जब पंजाब किंग्स की टीम इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उनके ओपनर्स प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पावरप्ले में ही दिल्ली के होश उड़ा दिए और 6.5 ओवर में 126 रनों की साझेदारी कर डाली। आर्या ने आउट होने से पहले 17 गेंदों में 43 रन बनाए जबकि प्रभसिमरन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 76 रन बनाए और पंजाब को 7 गेंद रहते हुए 265 के लक्ष्य तक पहुंचा दिया।