IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Mumbai Indians: रायपुर में रविवार (10 मई) को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस 166 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में RCB ने क्रुणाल पांड्या की दमदार पारी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी की बदौलत यह मैच अपने नाम किया।
आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। इनफॉर्म बल्लेबाज रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रोहित शर्मा ने 10 गेंदों में 22 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए और टीम ने 3 ओवर के अंदर ही तीन बड़े विकेट गंवा दिए।
इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रन की अहम साझेदारी की। नमन धीर ने 32 गेंदों में 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में 57 रन बनाकर अर्धशतक लगाया। इन दोनों पारियों की बदौलत टीम 20 ओवर में 166 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच गई।