IND vs NZ 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (7 नवंबर) को वेलिंगटन के वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले वनडे में जीत दर्ज कर भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है। अब उसकी कोशिश दूसरे मुकाबले में भी जीत हासिल कर बढ़त मजबूत करने की होगी। इस मैच में एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
दिलचस्प बात यह है कि रोहित और विराट दोनों ही वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में अपना दूसरा वनडे मुकाबला खेलने उतरेंगे। इससे पहले दोनों ने जनवरी 2014 में इस मैदान पर मैच खेला था। उस मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार दोनों बल्लेबाजों के पास पुराने प्रदर्शन को पीछे छोड़कर बेहतर खेल दिखाने का मौका होगा।
वेलिंगटन में कैसा रहा है विराट कोहली का रिकॉर्ड?
विराट कोहली ने वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में अपना एकमात्र वनडे मुकाबला 31 जनवरी 2014 को खेला था। उस मैच में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के 304 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। कोहली ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 78 गेंदों में 82 रन बनाए थे, लेकिन अन्य बल्लेबाज इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके। नतीजा यह रहा कि पूरी भारतीय टीम 49.4 ओवर में 216 रन पर सिमट गई और उसे 87 रन से हार का सामना करना पड़ा।