टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के निर्णायक मुकाबले में भारत के खिलाफ रोवमैन पॉवेल ने 19 गेंदों में नाबाद 34 रन की अहम पारी खेली। इस दौरान 150 छक्के पूरे करते ही उन्होंने निकोलस पूरन को पीछे छोड़ दिया और टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के नए सिक्सर किंग बन गए।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में रविवार (1 मार्च) को भारत और वेस्टइंडीज की टक्कर है। जो भी टीम यह मैच जीतेगी, उसे सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। ऐसे हाई-वोल्टेज मुकाबले में रोवमैन पॉवेल ने बल्ले से ऐसा कमाल किया कि एक बड़ा रिकॉर्ड टूट गया।
पॉवेल ने अपनी 19 गेंदों में नाबाद 34 रन की अहम पारी के दौरान दो गगनचुंबी छक्के लगाए और इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल में अपने 150 छक्के पूरे कर लिए। वह यह आंकड़ा छूने वाले पहले वेस्टइंडीज बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने निकोलस पूरन (149 छक्के) का रिकॉर्ड तोड़ते हुए खुद को टी20 इंटरनेशनल में टीम का नया सिक्सर किंग बना लिया है।