IPL 2026, Chennai Super Kings vs Mumbai Indians Highlights: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार (2 मई) को खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस 159 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में CSK ने ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा की शानदार पारियों के दम पर 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अंशुल कंबोज की घातक गेंदबाजी ने भी इस जीत में अहम भूमिका निभाई।
आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विल जैक (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद रयान रिकेल्टन और नमन धीर ने कुछ देर पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 58 रन जोड़े। रिकेल्टन ने 24 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने 37 गेंदों में 57 रन की अहम पारी खेली।
इसके अलावा सूर्यकुमार यादव (21) और हार्दिक पांड्या (23) ने कुछ रन जरूर जोड़े, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नतीजन मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 159 रन तक ही पहुंच सकी।