Shabnim Ismail Record: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार, 02 जुलाई को इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका (ENG-W vs SA-W Semi Final-2) के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की दिग्गज तेज गेंदबाज़ शबनीम इस्माइल (Shabnim Ismail) एक बेहद ही खास रिकॉर्ड बना सकती है।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। दरअसल, 37 वर्षीय शबनीम इस्माइल इंग्लैंड के सामने सेमीफाइनल-2 में अपनी गेंदबाज़ी से धमाल मचाकर सिर्फ एक विकेट लेने में सफल होती हैं तो भी वो महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपने 50 विकेट पूरे कर लेंगी और ये कारनामा करने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बन जाएंगी।
खास बात तो ये है कि शबनीम इस्माइल आज ये आंकड़ां छूने में कामयाब होती हैं तो वो ICC टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास (पुरुष और महिला दोनों) में विकेटों का अर्धशतक पूरा करने वालीं सिर्फ दूसरी खिलाड़ी बनेंगी। अब तक सिर्फ बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने ये रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में 43 मैच खेलकर 50 विकेट चटकाए हैं।