AUS VS BAN: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 अगस्त से शुरु हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ी राहत मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश के स्टार बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम (Shoriful Islam) ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 13 अगस्त से 17 तक डार्विन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट साउथ मैके में 22 अगस्त से 26 के बीच खेला जाना है। इस सीरीज के लिहाज से बांग्लादेश के लिए शोरिफुल की फिटनेस काफी अहम थी। उन्हें जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। इसी वजह वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं। हालांकि, उन्होंने तेजी से रिकवरी करते हुए फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और दूसरे टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट लग रहे हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट ऑपरेशंस इंचार्ज शाहरीयर नफीस ने भी शोरिफुल की फिटनेस की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गेंदबाज चोट से उबरने के बाद फिटनेस टेस्ट में सफल रहे हैं और अब खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।