Shubman Gill Record: भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबले (IND Vs AFG One-off Test) में रविवार, 07 जून को खेल के दूसरे दिन 177 गेंदों पर 15 चौके और 1 छक्के की मदद से 126 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर आउट हुए। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में एंट्री मारकर कुमार संगाकारा (Kumar Sangakkara) और स्टीव स्मिथ (Steve Smith) जैसे दिग्गजों को पछाड़ दिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, 26 साल के शुभमन गिल अब सर्वाधिक औसत के साथ टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बतौर कैप्टन कम से कम 1000 प्लस रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने भारत की कैप्टेंसी करते हुए 82.80 की औसत से 1,076 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करके उन्होंने कुमार संगाकारा और स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गजों को पछाड़ा है।
ध्यान दें कि इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में शुभमन गिल से ऊपर सिर्फ और सिर्फ महान डॉन ब्रैडमैन ही मौजूद हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की कैप्टेंसी करते हुए टेस्ट में 101.5 की औसत से 3,147 रन बनाए हैं।