Sikandar Raza Record: हरारे में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे के अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा ने गेंद से गज़ब का जलवा दिखाते हुए कमाल कर दिया। उनकी इस शानदार गेंदबाज़ी से श्रीलंकाई बल्लेबाज़ पूरी तरह बिखर गए और टीम बेहद मामूली स्कोर पर सिमट गई। रज़ा के साथ ब्रैड इवांस ने भी कहर ढाते हुए टीम के लिए ऐतिहासिक पल बना दिया।
जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर और कप्तान सिकंदर रज़ा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें टीम का सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी माना जाता है। शनिवार(6 सितंबर) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उन्होंने गेंद से इतिहास रच डाला। दाएं हाथ के इस ऑफ स्पिनर ने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 11 रन खर्च करते हुए 3 विकेट झटके और श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी जिम्बाब्वे गेंदबाज़ का बेस्ट बॉलिंग फिगर अपने नाम कर लिया।
रज़ा ने कमलिंडु मेंडिस(0 रन) और श्रीलंकाई कप्तान चारिथ असलंका(18 रन) जैसे अहम बल्लेबाज़ों को आउट कर श्रीलंका की उम्मीदों को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने दुष्मंथा चमीरा(0 रन) को भी पवेलियन भेजकर विपक्षी बल्लेबाज़ी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।