सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में सोमवार को कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी के दम पर मुंबई ने गुजरात को 5 विकेट से मात दी। वहीं, शिवालिक शर्मा ने 39 गेंदों में 101 रन जड़कर बड़ौदा को मिजोरम के खिलाफ 8 विकेट से जीत दिलाई। इनके अलावा, पुडुचेरी और सौराष्ट्र ने भी अपने-अपने मैच जीते। आइए, इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।
गुजरात बनाम मुंबई: कोलकाता में खेले गए एलीट ग्रुप-डी के इस मैच को मुंबई ने 5 विकेट से अपने नाम किया। गुजरात की टीम 19.2 ओवरों में 197 रन पर सिमट गई। आशुतोष शर्मा ने 42 रन की पारी खेली, जबकि विशाल जायसवाल ने 38 रन बनाए। विपक्षी खेमे से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में मुंबई ने 15.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली। मुंबई ने 25 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हार्दिक तमोर (26) के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 86 रन जोड़कर टीम को 111 के स्कोर तक पहुंचाया।