सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में बुधवार को विदर्भ ने हैदराबाद के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र की टीमों ने भी बाजी मारने में सफलता हासिल की।
विदर्भ बनाम हैदराबाद : ग्रुप डी के मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 195 रन बनाए। टीम की ओर से तन्मय अग्रवाल ने 24 गेंदों में सर्वाधिक 49 रन बनाए। कोडिमेला हिमतेजा ने 33 गेंदों में 41 रन बनाए। हालांकि, विदर्भ की टीम 196 रनों के लक्ष्य को 4 गेंद शेष रहते हुए हासिल करने में सफल रही। कप्तान अथर्व तायडे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 82 रन बनाए।
महाराष्ट्र बनाम हिमाचल प्रदेश : ग्रुप सी के मैच में महाराष्ट्र ने हिमाचल प्रदेश को दो विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने 5 विकेट गंवाकर 145 रन बनाए। एकांत सेन ने टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। एकांत नाबाद रहे और उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि, महाराष्ट्र की टीम ऋषिकेश सोनवणे की 33 गेंदों में खेली गई 42 और साहिल प्रकाश की 35 रनों की पारी के बूते आखिरी गेंद पर लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही। विक्की ओस्तवाल 18 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।