टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ नीदरलैंड्स ने इतिहास रचने का मौका अपने हाथों से गंवा दिया। डच टीम ने पाकिस्तानी पारी के 18वें ओवर तक मैच पर पकड़ पूरी तरह बनाई हुई थी और कोलंबो में वो एक चौंकाने वाली जीत के कगार पर थे। पाकिस्तान को 12 गेंदों में 29 रन चाहिए थे और फहीम अशरफ स्ट्राइक पर थे।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 19वें ओवर में एक छक्का लगाया लेकिन दूसरा छक्का लगाने के चक्कर में वो लॉन्ग ऑन की तरफ एक शॉट मिस कर गए। नीदरलैंड के फील्डर मैक्स ओ'डॉउड दौड़ते हुए आए और ऐसा लगा कि वो इस आसान से कैच को पकड़ लेंगे लेकिन उन्होंने एक आसान सा कैच छोड़ दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज अशरफ ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और पाकिस्तान को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।
कैच छूटने के बाद, अशरफ ने लोगान वैन बीक के ओवर में दो और छक्के और एक चौका लगाकर 24 रन बनाए। पाकिस्तान ने मुश्किल 12 गेंदों में 29 रन के समीकरण को घटाकर आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन कर दिया। उस कैच के छूटने के बाद नीदरलैंड्स के खिलाड़ी निराश थे और जब उनकी टीम मैच हारी तो कैमरा मैक्स ओ'डॉउड पर ही रहा क्योंकि हर कोई उस कैच को याद कर रहा था।