T20 World Cup: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य रखा है। भारत की इस पारी में कुल 19 छक्के लगे। इसी के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप मैच की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज और नीदरलैंड की बराबरी कर ली है।
नीदरलैंड ने साल 2014 में आयरलैंड के खिलाफ एक ही पारी में 19 छक्के लगाने का कारनामा किया था। इसके बाद साल 2026 में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध मुंबई में खेले गए मुकाबले में 19 छक्के लगाए थे। भारतीय टीम इसी विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक ही पारी में 17 छक्के लगा चुकी है, जबकि साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के विरुद्ध टी20 पारी में 16 छक्के जड़े थे।
इस पारी में संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन की पारी खेली। इसी के साथ संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। सैमसन ने इस विश्व कप में अब तक 16 छक्के लगाए हैं।