त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार पूरे राज्य में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचे) को विकसित करने पर खास जोर दे रही है और उसने अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी बनाने के लिए पश्चिम त्रिपुरा जिले के सेकेरकोट में 30 एकड़ जमीन पहले ही आवंटित कर दी है।
मुख्यमंत्री ने रवींद्र भवन में त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन (टीसीए) की तरफ से आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह-2026 को संबोधित करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में अन्य खेलों के साथ-साथ क्रिकेट की लोकप्रियता भी कई गुना बढ़ गई है।
उन्होंने कहा, "आने वाले दिनों में, पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के खिलाड़ियों को भी इस एकेडमी में प्रशिक्षण लेने का मौका मिलेगा। इसके अलावा, लंबे समय से प्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण भी पूरा होने वाला है। जल्द ही वहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों का आयोजन करना संभव हो सकेगा।"