डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रपति संपदा के क्रिकेट मैदान में मंगलवार को 54वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय स्तर क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-14-बालिका वर्ग) का आगाज हो गया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 7-11 अक्टूबर के बीच किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर दिल्ली संभाग के केंद्रीय विद्यालय संगठन के उपायुक्त सरदार सिंह चौहान ने दिल्ली संभाग के केंद्रीय विद्यालय संगठन के सहायक आयुक्त केसी मीणा की उपस्थिति में 'स्पोर्ट्स मीट ओपन' की घोषणा की। इस दौरान मंच पर निर्णायक गण एवं विभिन्न संभागों से आए हुए गणमान्य भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सरदार सिंह चौहान ने उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, "यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आत्मविश्वास और सामर्थ्य का जीवंत प्रतीक है। खेलों में बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य का सुनहरा संकेत है।"