आकिब नबी: जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाने वाला नायक (Image Source: IANS)
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने बुधवार को इतिहास रचा। जम्मू-कश्मीर की टीम ने पश्चिम बंगाल के कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल में बंगाल जैसी मजबूत टीम को 6 विकेट से हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की है।
जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक के सफर में वैसे तो टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही है, लेकिन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी टीम के लिए नायक बनकर उभरे हैं।
आकिब नबी ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर को जीत दिलायी और पहली बार फाइनल का टिकट दिलाया। वह दोनों ही मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं।