Chennai Super Kings: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि संजू सैमसन भविष्य में चेन्नई सुपर किंग्स में एमएस धोनी की जगह लेने के लिए सबसे सही खिलाड़ी हो सकते हैं। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान का आगाज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च को करेगी।
पठान ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि धोनी का यह आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। उन्होंने बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स ने सैमसन जैसे विकेटकीपर-बल्लेबाज को टीम में शामिल किया है, जो आने वाले कई सालों तक खेल सकते हैं और धोनी के बाद टीम का चेहरा बन सकते हैं। पठान के अनुसार, सैमसन एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें फैंस पसंद करते हैं और उनसे आसानी से जुड़ सकते हैं।
पठान ने सैमसन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हाल के समय में अपने खेल में काफी सुधार किया है। खासकर इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी फॉर्म बेहतर हुई है। हाल ही में उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने। ऐसे में वह धोनी के बाद टीम की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आते हैं।