Cricket World Cup: भारत के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ आईपीएल 2025 से पहले राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ बतौर मुख्य कोच जुड़ सकते हैं।
इस साल जून में बारबाडोस में 2024 पुरुष टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारत की पुरुष टीम के मुख्य कोच के रूप में द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया था। टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का कोचिंग कार्यकाल भी सफल रहा है। उनकी देखरेख में ही भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 जीता था। इसी के साथ टीम इंडिया के साथ उनके कोचिंग कार्यकाल का अंत यादगार रहा।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो को पता चला है कि द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और बड़ी नीलामी से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन पर भी फ्रेंचाइजी के साथ उनकी चर्चा हो चुकी है। टीम के मौजूदा कप्तान संजू सैमसन का द्रविड़ के साथ लम्बे समय से पेशेवर रिश्ता रहा है। सैमसन का शुरुआती करियर द्रविड़ की ही देखरेख में उभरा था।