New Chandigarh: एक छोटा सा लड़का गेंद को तेजी से फेंकने का प्रयास सिर्फ इसलिए किया करता था, ताकि वह अपने बड़े भाई से बदला ले सके। बदला लेने की वह चाहत धीरे-धीरे जुनून में तब्दील हो गई। घर के आंगन से शुरू हुआ सफर आज आईपीएल 2026 के मंच पर पहुंच चुका है। 154.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर यह गेंदबाज खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस गेंदबाज का नाम है अशोक शर्मा।
अशोक की गेंदबाजी में शुरुआत से रफ्तार मौजूद थी, जिसके दम पर वह बल्लेबाजों के होश उड़ा दिया करते थे। स्कूल में अशोक जब गेंदबाजी करते थे, तो बल्लेबाज अपना विकेट नहीं, बल्कि शरीर को बचाने का प्रयास करते थे।
अशोक ने स्कूल में क्रिकेट खेलते हुए कई बल्लेबाजों को घायल किया। जयपुर के पास स्थित पारपुरा गांव में जन्मे अशोक को मानो गेंदबाजी में तेज रफ्तार भगवान ने तोहफे में दी है। हालांकि, क्रिकेटर बनने का यह सपना संघर्षों से भरा रहा। अशोक और उनके बड़े भाई अक्षय दोनों ही क्रिकेटर बनना चाहते थे। हालांकि, पिता की कमाई इतनी नहीं थी और परिवार दोनों बेटों के करियर को भी दांव पर लगाना नहीं चाहता था।