भारत और श्रीलंका के बीच रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में लगातार सुधार के कारण उनकी टीम खिताबी मैच में श्रीलंका को चुनौती देने के लिए मजबूत स्थिति में है।
भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड सात बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। भारत इस संस्करण में अब तक अजेय रहा है। फाइनल में 'विमेन इन ब्लू' का सामना उस श्रीलंकाई टीम से है, जिसने साल 2024 के एशिया कप फाइनल में उसे मात दी थी। ऐसे में हमनप्रीत कौर की टीम महाद्वीपीय खिताब को फिर से जीतने की कोशिश करेगी। भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम ने हालात के हिसाब से खुद को अच्छी तरह ढाला है और पूरे टूर्नामेंट में उत्साहजनक प्रदर्शन किया है।
हरमनप्रीत ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से जारी एक वीडियो में कहा, "अब तक यह टूर्नामेंट हमारे लिए बहुत अच्छा रहा है। हमने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण, हर मामले में दिन-प्रतिदिन जबरदस्त सुधार देखा है। हम इन हालात के आदी हो रहे हैं और बहुत ठोस प्रदर्शन कर रहे हैं।"