महिला एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रात 8 बजे से भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाना है। भारत ने बांग्लादेश को तो श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। रोमांचक फाइनल पर भारत औ श्रीलंका के फैंस की नजर है।
वनडे विश्व कप 2025 की विजेचा भारतीय टीम किसी भी सूरत में फाइनल में श्रीलंका को हल्के में लेने की भूल नहीं करेगी। श्रीलंका पिछले एशिया कप (2024) में भारत के चैंपियन बनने का सपना तोड़ चुकी है। पिछले एशिया कप में चमारी अथापट्टू की कप्तानी वाली श्रीलंका ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 8 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का सपना तोड़ दिया था। पिछला फाइनल खेलने वाले दोनों देशों के कई खिलाड़ी इस बार भी अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
भारतीय टीम श्रीलंका से पिछली हार का बदला लेते हुए चैंपियन बनने की कोशिश करेगी। वहीं, श्रीलंका ने भी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और भारत को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है।