एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे मैच में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
भारतीय टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल का टिकट कटाया है। बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा बेहतरीन लय में नजर आई हैं। सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली थी।
हालांकि, एशिया कप में बेहतरीन फॉर्म में नजर आईं स्मृति मंधाना अब तक दो मुकाबलों में सिर्फ 37 रन ही बना सकी हैं। ऐसे में खिताबी मुकाबले में टीम को उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में श्री चरणी और दीप्ति शर्मा की जोड़ी बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई है। वहीं, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। चरणी 2 मुकाबलों में 6 विकेट निकाल चुकी हैं, जबकि दीप्ति शर्मा ने 4 विकेट निकाले हैं।