भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने देश भर के फैंस से अपील की है कि वे एथलीटों का साथ दें और इंटरनेशनल मंच पर उनके मुकाबले के दौरान उनका हौसला बढ़ाएं।
पंत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर शेयर किए गए एक वीडियो में पंत ने कहा कि वह इन खेलों को देखने के लिए उत्साहित हैं और उन्होंने फैंस से भारतीय एथलीटों का साथ देने और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका समर्थन करने को कहा। पंत ने कहा, "एशियन गेम्स देखने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं। आइए हम अपने भारतीय एथलीटों का साथ दें, उनका समर्थन करें और उम्मीद करें कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। चाहे कुछ भी हो, हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए, उनका जोरदार उत्साह बढ़ाना चाहिए और उन्हें भरपूर समर्थन देना चाहिए।"
एशियन गेम्स एशिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन है, जो हर चार साल में एक बार होता है। इनका आयोजन ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) द्वारा किया जाता है। आगामी खेलों में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी 43 खेलों में हिस्सा लेंगे। यह खेलों का 20वां संस्करण होगा और टोक्यो 1958 और हिरोशिमा 1994 के बाद यह तीसरी बार होगा जब जापान इस महाद्वीपीय आयोजन की मेजबानी करेगा।