एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और जापान की टीम के बीच मैच का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है। बारिश की वजह से मैदान गीला होने के कारण टॉस अपने निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे देरी से हुआ। भारत और जापान के बीच हो रहे इस पहले मैच में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। मैच 20-20 ओवर की जगह 5-5 ओवर का निर्धारित किया गया है।
सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड में हो रहे मुकाबले में टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान अय्यर ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। यह एक बड़ा मौका है। 75 साल की दोस्ती के अवसर पर हो रहा ये मैच रोमांचक मैच होने वाला है। हम हालात को भी देखना चाहते थे। मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं एक दिन जापान आकर कप्तानी करूंगा। मुझे पता है कि यहां बेसबॉल काफी बड़ा है, लेकिन मैं यहीं खड़ा हूं। भीड़ अच्छी है, बहुत सारे समर्थक हैं। यह जरूरी है कि हम उन्हें कुछ वापस दें और घर से हमें देखने वाली भीड़ को भी। एक रोमांचक मैच का इंतजार है।"
उन्होंने कहा, "यह जरूरी है कि हम हालात को जानें और हमें पता हो कि हमारे आस-पास क्या हो रहा है। हम जानते हैं कि असल में एशियन गेम्स में भी यही हालात होंगे। हमें नहीं पता कि वहां पिच कैसी हैं, लेकिन मैच खास है और हमारे लिए अच्छे अभ्यास वाला होगा। बस उस पल का इंतजार है।"