भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रन के बड़े अंतर से हराकर मैच जीता और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एशियन गेम्स 2026 में भारत का यह पहला स्वर्ण है। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी है।
राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "क्रिकेट का एक जबरदस्त खेल और शानदार नतीजा। एशियन गेम्स 2026 में पहला स्वर्ण पदक जीतने के लिए हमारी भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर गर्व है। उन्होंने बहुत बढ़िया खेला है। स्किल और टीमवर्क का बहुत शानदार प्रदर्शन। हमारी टीम को शानदार जीत और एशियन गेम्स में एक नया क्रिकेट इतिहास लिखने के लिए बधाई।"
खेल मंत्री मांडविया ने एक्स पर भारतीय महिला टीम की तिरंगे झंडे के साथ एक वीडियो पोस्ट में किया और कैप्शन में लिखा, "एशियन गेम्स में ब्लू टीम के लिए गोल्ड। विमेंस टी20 क्रिकेट फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने पर हमारी चैंपियंस को दिल से बधाई। पूरे देश के लिए गर्व का पल।"