Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होने जा रही है, जिससे पहले बांग्लादेश को झटका लगा है। ऑलराउंडर मोहम्मद सैफुद्दीन (Mohammad Saifuddin) दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने एशियन गेम्स के लिए सैफुद्दीन की अनुपलब्धता के बारे में बांग्लादेश ओलंपिक एसोसिएशन (बीओए) को सूचित कर दिया है। बोर्ड गेम्स अथॉरिटी की मंजूरी के बाद उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगा।
'क्रिकबज' की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने एक बयान में कहा, "19 सितंबर को अभ्यास सत्र के दौरान गेंदबाजी करते समय सैफुद्दीन ने दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में दर्द की शिकायत की। एमआरआई के बाद चोट की पुष्टि हुई। उन्हें ठीक होने के लिए लगभग तीन हफ्ते के रिहैबिलिटेशन की जरूरत होगी।"