टी20 क्रिकेट के उदय के साथ छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों का क्रेज बढ़ा है। भारत में एक ऐसा भी बल्लेबाज था, जो उस समय दर्शकों की मांग पर छक्के लगाने के लिए मशहूर था, जब टी20 की कल्पना भी नहीं की गई थी।
दर्शकों की मांग पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज थे अतुल चंद्रकांत बेदाड़े, जिन्हें अतुल बेदाड़े के नाम से भी जाना जाता है। बेदाड़े का जन्म 24 सितंबर 1966 को मुंबई में हुआ था। वह बड़े शॉट लगाने वाले विलक्षण प्रतिभा के बल्लेबाज थे। उन्हें 'बिग हिटर' के रूप में जाना जाता था। वे ताकत से बल्लेबाजी करते थे और गेंद को मैदान के बाहर भेजने में माहिर थे।
अतुल बेदाड़े ने 28 साल की उम्र में 13 अप्रैल 1994 को यूएई के खिलाफ वनडे से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का आगाज किया था। वह भारत के लिए 13 वनडे खेल पाए। उन्हें टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिल सका। वनडे में 1 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 158 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 86.33 रही, जो उस दौर के अधिकांश बल्लेबाजों से कहीं ऊंची थी। पाकिस्तान के खिलाफ खेले एक मैच में उन्होंने 4 छक्के लगाए थे।