महिला विश्व कप के सफलतापूर्वक समापन के बाद बीसीसीआई ने महिला प्रीमियर लीग 2026 की तैयारी शुरू कर दी है। अगले सीजन के लिए मेगा नीलामी 27 नवंबर को नई दिल्ली में हो सकती है।
आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक बीसीसीआई ने लीग की सभी पांच फ्रेंचाइजियों को सूचित कर दिया है कि नीलामी 27 नवंबर को नई दिल्ली में होगी। नीलामी स्थल एरोसिटी का कोई आलीशान होटल हो सकता है।
महिला प्रीमियर लीग 2026 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की समय सीमा बुधवार तक है। मुंबई इंडियंस, आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स अपनी रिटेन लिस्ट जल्द जारी कर सकती हैं। महिला विश्व कप की वजह से लिस्ट अब तक नहीं आ सकी है। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अधिकतम तीन कैप्ड भारतीय खिलाड़ी, दो विदेशी खिलाड़ी और दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति होगी। यदि कोई टीम पांच खिलाड़ियों को रिटेन करना चाहती है, तो कम से कम एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी होना चाहिए। नीलामी की राशि 15 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।