ऑस्ट्रेलिया ने निंजा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराकर 3 वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 252 का लक्ष्य मिला था जिसे उसने 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
252 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी। अपना आखिरी सीरीज खेल रही कप्तान एलिसा हीली सिर्फ 6 रन बनाकर 21 के स्कोर पर पहले विकेट के रूप में आउट हुईं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए फोएबे लिचफिल्ड और जॉर्जिया वॉल ने 119 रन की साझेदारी की। लिचफिल्ड 62 गेंद पर 1 छक्के और 11 चौके की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुईं।
जॉर्जिया ने बेथ मूनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। जॉर्जिया ने बेहतरीन शतक लगाया। वह 82 गेंदों पर 1 छक्का और 13 चौकों की मदद से 101 रन बनाकर आउट हुईं।