इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मुकाबला पर्थ स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
जो रूट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने वनडे करियर का 200वां मैच खेल रहे हैं। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले इंग्लैंड के महज तीसरे खिलाड़ी हैं। रूट से पहले इंग्लैंड के लिए यह उपलब्धि सिर्फ जो बटलर और इयोन मोर्गन ही हासिल कर चुके हैं। बटलर ने अब तक 204 वनडे मुकाबले खेले हैं। वहीं, पूर्व कप्तान मोर्गन ने इंग्लैंड की ओर से 225 वनडे मैच खेले हैं। इंग्लैंड की ओर से 50 ओवर के फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रूट के नाम है, जिन्होंने 50.47 की औसत से 8,026 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 20 शतक और 49 अर्धशतक लगाए हैं।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेन डकेट सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, टॉम बैंटन भी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 27 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। जो रूट भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 36 गेंदों का सामना करने के बाद 17 रन बनाकर महली बियर्डमैन का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी सिर्फ एक रन ही बना सके।