आईपीएल 2026 में गुरुवार की शाम इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मुकाबला होना है। आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर का यह 200वां मैच होगा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पहले विराट कोहली ने भुवनेश्वर कुमार की तारीफ की है। कोच एंडी फ्लावर और साथी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने भी भुवनेश्वर को बधाई दी है।
आरसीबी के एक्स अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में कोहली ने कहा, "एक तेज गेंदबाज के तौर पर 200 मैच खेलना बड़ी बात है। मुझे पता है कि यह टी20 क्रिकेट है। भुवनेश्वर ने इतने सालों में हर फॉर्मेट में बहुत क्रिकेट खेला है। वह एक सफल गेंदबाज रहे हैं।"
विराट ने कहा, "भुवी के बारे में जो बात मुझे सबसे अच्छी लगी, वह है उनकी गेम की समझ। वह शायद आईपीएल इतिहास के शीर्ष तीन तेज गेंदबाजों में से एक हैं। अगर आप उनकी इकॉनमी, विकेटों की संख्या, और हर गेम में फेंकी गई डॉट गेंदों की संख्या देखें, तो यह कमाल है। वह ऐसा इंसान है जिस पर आप हर बार दबाव में भरोसा कर सकते हैं। इतने सालों तक उस स्तर की स्किल बनाए रखना और उसे कार्यान्वित करना एक बड़ी उपलब्धि है।"