भारतीय क्रिकेट टीम मौजूदा समय की सबसे मजबूत और लोकप्रिय टीम है। टीम को ऐसी स्थिति में पहुंचने के लिए एक लंबे और संघर्षपूर्ण दौर से गुजरना पड़ा है और इसमें कई क्रिकेटरों का अहम योगदान रहा है। भारतीय क्रिकेट को मजबूती देने में जिन क्रिकेटरों का अहम योगदान रहा है, उनमें लाला अमरनाथ का नाम महत्वपूर्ण है।
लाला अमरनाथ ने एक कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर भारतीय क्रिकेट की बेहतरी में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनका जन्म 11 सितंबर 1911 को कपूरथला, पंजाब में हुआ था। क्रिकेट खेलने का शौक उन्हें बचपन से था। बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी हो या फिर विकेटकीपिंग, तीनों ही विभाग में लाला अमरनाथ दक्ष थे। इसी वजह से उन्हें एक पूर्ण क्रिकेटर माना जाता है।
अमरनाथ ने महज 22 साल की उम्र में 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 19 साल लंबा रहा। वह 1952 तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान उन्होंने 24 टेस्ट मैचों की 40 पारियों में 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाते हुए 878 रन बनाए। सर्वाधिक स्कोर 118 था। उन्होंने 45 विकेट भी लिए थे। एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि उन्होंने दो बार हासिल की थी।