Harmanpreet Kaur Holds ICC Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की विश्व क्रिकेट में तूती बोलती है। हरमनप्रीत की कप्तानी में टीम इंडिया ने साल 2025 में पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। हरमनप्रीत भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में 3 हजार रन बनाने वाली पहली क्रिकेटर भी हैं। हरमनप्रीत को बचपन से ही क्रिकेट में खास दिलचस्पी थी। बल्लेबाजी करने में हो रही दिक्कत की वजह से उन्होंने अपने बालों तक की 'कुर्बानी' दे डाली थी।
हरमनप्रीत का जन्म 8 मार्च 1989 को पंजाब के मोगा में हुआ था। हरमनप्रीत को छोटी उम्र से ही क्रिकेट खेलने का काफी शौक था। हरमनप्रीत के पिता हरमंदर सिंह भुल्लर, वॉलीबॉल खिलाड़ी थे, और इसी कारण भारतीय महिला टीम की कप्तान को पिता का पूरा सपोर्ट मिला। हरमनप्रीत दिन-रात बल्लेबाजी की प्रैक्टिस करती थीं और जल्द ही उन्होंने इस खेल में महारत हासिल कर ली।
हरमनप्रीत क्रिकेट खेलने के लिए हर हद से गुजरने को तैयार थीं। हरमनप्रीत ने बताया था कि एक समय पर उन्हें बाल बड़े होने की वजह से बल्लेबाजी करने में दिक्कत आ रही थी, तो हरमनप्रीत ने अपने बाल ही कटवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद हरमनप्रीत के पिता उनसे काफी गुस्सा हो गए थे और लगभग तीन महीने तक हरमनप्रीत से बातचीत नहीं की थी।