भारतीय क्रिकेट में 2013 से 2015 के बीच तेज गेंदबाज मोहित शर्मा का नाम बहुत तेजी से ऊपर आया था। घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने वाले मोहित की ताकत सटीक लाइन लेंथ और विविधता थी। उनके पास गेंद को स्विंग कराने की क्षमता के साथ ही बाउंसर और यॉर्कर डालने की क्षमता थी।
मोहित शर्मा का जन्म 18 सितंबर 1988 को हरियाणा के बल्लभगढ़ में हुआ था। मोहित का तेज गेंदबाजी के प्रति बचपन से लगाव था और वह बहुत मेहनती थे। 2011-12 में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी में डेब्यू करने वाले मोहित ने उस सीजन में महज 3 मैच खेले थे और इन तीन मैचों में ही अपनी गेंदबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। इसके अगले सीजन (2012-13) में उनका प्रदर्शन और प्रभावशाली रहा। वह उस सीजन रणजी ट्रॉफी में देश के पांचवें सफल गेंदबाज थे।
घरेलू क्रिकेट में मोहित के शानदार प्रदर्शन ने आईपीएल में धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) का ध्यान खींचा। धोनी ने सीएसके की प्लेइंग इलेवन में मोहित को लगातार मौका दिया। मोहित ने लगातार 135 के आस-पास की गति और सटीक लाइन लेंथ से गेंदबाजी करते हुए अपनी पहचान पावर प्ले के श्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में बनाई। आईपीएल 2013 में सीएसके के लिए मोहित ने 15 मैचों में 20 विकेट लिए थे।