जापान की नेशनल क्रिकेट टीम में चुने गए भारतीय मूल के क्रिकेटर अभिषेक आनंद ने अपने सफर को अविश्वसनीय बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह जापान की नेशनल टीम के लिए खेलेंगे।
जापान से आईएएनएस से बात करते हुए अभिषेक आनंद ने कहा, "जापान तक का मेरा सफर काफी अविश्वसनीय रहा है और मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं जापान की नेशनल टीम के लिए खेलूंगा। कॉलेज प्लेसमेंट के दौरान जापानी कंपनियां आई थीं। हालांकि मैंने विदेश जाने का कोई प्लान नहीं बनाया था। मैं भारत में ही रहकर नौकरी और क्रिकेट दोनों जारी रखना चाहता था। फिर भी मैंने इंटरव्यू देने का फैसला किया और एक्सेंचर जापान के लिए चुन लिया गया।"
अभिषेक ने कहा, "ऑफर स्वीकार करने या न करने का फैसला करने के लिए मुझे दो घंटे का समय दिया गया था। मैंने जापान में क्रिकेट के बारे में जानकारी जुटाई और पाया कि उनकी टीम ईस्ट एशिया-पैसिफिक वर्ल्ड कप क्वालिफायर के लिए क्वालिफाई कर चुकी थी, जिससे मुझे उम्मीद जगी। मैंने ऑफर स्वीकार कर लिया और जापान चला गया, टोक्यो फाल्कन्स क्रिकेट क्लब से जुड़ा और तीन साल तक खेला। इसके बाद जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) ने मेरे प्रदर्शन को देखते हुए 2025 में मुझे नेशनल टीम के लिए चुन लिया।"