'इटालिया टी10 लीग' में वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल 'वेनिस लाइववायर्स' टीम से जुड़ गए हैं। 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर गेल, लीग के पहले संस्करण के लिए इस फ्रेंचाइजी से जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, "मैं इटालिया टी10 लीग में 'वेनिस लाइववायर्स' का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं। क्रिकेट के नए मौकों से जुड़ना और दुनिया भर के फैंस से मिलना हमेशा शानदार होता है। टी10 क्रिकेट रोमांचक, तेज और मनोरंजन से भरपूर है। मैं 'वेनिस लाइववायर्स' के साथ इस सफर का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं। आइए, इटली में कुछ मनोरंजन और भरपूर ऊर्जा लाते हैं।"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद इस फ्रेंचाइजी के टीम डायरेक्टर हैं। वे गेल के टीम से जुड़ने पर काफी खुश हैं। प्रसाद ने कहा, "क्रिस गेल का आना 'वेनिस लाइववायर्स' के लिए एक बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। उच्चतम स्तर पर खेलने और दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने का उनका अनुभव हमारी टीम के लिए बेहद मूल्यवान है। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के अलावा, उन्हें दबाव वाली स्थितियों की अच्छी समझ है और वे अपने साथियों को प्रेरित करने की क्षमता भी रखते हैं। उनकी मौजूदगी हमारे क्रिकेट माहौल को और मजबूत बनाएगी। हम इतने बड़े कद के खिलाड़ी का अपनी फ्रेंचाइजी में स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं।"