भारतीय क्रिकेट के पहले टेस्ट कप्तान कर्नल कोट्टारी कनकैय्या नायडू का जन्म 31 अक्टूबर 1895 को महाराष्ट्र में हुआ था। 1932 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में भारत की पहली टेस्ट टीम की कप्तानी की। शानदार बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले नायडू भारतीय क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शुमार हैं।
15 अगस्त 1947 को लंबी लड़ाई के बाद भारत आजाद हुआ। अंग्रेज देश छोड़कर चले गए, लेकिन अपने साथ क्रिकेट की विरासत छोड़ गए। इस खेल में भी भारत ने कई लड़ाइयां लड़ीं। कभी जीत मिली तो कभी हार का सामना करना पड़ा। इस सफर में कई खिलाड़ियों ने अपनी पहचान बनाई, लेकिन एक नाम ऐसा था जिसे भारतीय क्रिकेट का पहला 'सेनापति' बनने का गौरव मिला। यह नाम था कर्नल सीके नायडू का। हालांकि, उनकी कप्तानी तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था।
साल 1889 से 1902 के बीच इंग्लैंड की तीन क्रिकेट टीमें भारत दौरे पर आईं। उस समय देश में क्रिकेट अपनी शुरुआती अवस्था में था। भारतीय खिलाड़ी धीरे-धीरे इस खेल को समझ रहे थे, लेकिन 1926 में मुंबई के जिमखाना मैदान पर कर्नल सीके नायडू ने अपनी बल्लेबाजी से अंग्रेजों को प्रभावित कर दिया। सीके नायडू को साल 1926 में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के खिलाफ 153 रनों की शानदार पारी खेलने के लिए मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब ने एक चांदी का बल्ला भेंट किया गया था।