भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता। यह जीत देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह लेकर आई। भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर क्रिकेट एक्सपर्ट और भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने खुशी जाहिर की और इसे शानदार बताया।
आईएएनएस से बात करते हुए राजकुमार शर्मा ने कहा, "यह सच में एक शानदार जीत है। मैं पूरी भारतीय टीम, सपोर्ट स्टाफ, सिलेक्टर्स और बीसीसीआई को बधाई देना चाहता हूं। टीम बहुत अच्छी थी और पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और साबित किया कि भारतीय टीम बेस्ट है।"
उन्होंने क्रिकेटर उद्धव मोहन की तारीफ करते हुए कहा, "वह पिछले 9-10 सालों से मेरे पास ट्रेनिंग कर रहा है। जब भी उसे मौका मिला, उसने इस सीरीज और वर्ल्ड कप में शानदार परफॉर्म किया। वह एक बेहतरीन टीम प्लेयर भी है और भारत के लिए उसका भविष्य बहुत अच्छा है। वह आने वाले समय में मेहनत करके सीनियर टीम में आना चाहेगा।"