काउंटी चैंपियनशिप के शुरुआती मुकाबलों के लिए हैम्पशायर ने साउथ अफ्रीकी सीमर कोडी यूसुफ को साइन किया है। वह जायडेन सील्स की जगह टीम में आए हैं, क्योंकि जायडेन सील्स को उनके घरेलू बोर्ड ने 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (एनओसी) देने से इनकार कर दिया था।
हैम्पशायर ने शुरुआत में जायडेन सील्स को टीम में शामिल करने की उम्मीद जताई थी, क्योंकि वे माइकल नेसर की सेवाएं नहीं ले पाए। दरअसल, नेसर का कॉन्ट्रैक्ट क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के निर्देश पर रद्द कर दिया गया, क्योंकि उन्हें फिर से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया गया था।
कोडी यूसुफ हैम्पशायर में नए हेड कोच रसेल डोमिंगो के साथ जुड़ेंगे, जो यूसुफ की घरेलू फ्रेंचाइजी 'लायंस' के भी कोच हैं। एसए20 में यूसुफ प्रिटोरिया कैपिटल्स की ओर से खेलते हैं, जिसका मालिकाना हक हैम्पशायर के सबसे बड़े शेयरहोल्डर, जीएमआर ग्रुप के पास है।