Royal Challengers Bengaluru: केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के अर्धशतकों के बाद डेविड मिलर की विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 26वें मुकाबले को अपने नाम किया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में डीसी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से हराकर प्वाइंट्स टेबल में चौथा स्थान हासिल कर लिया है।
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स 5 में से 3 मैच अपने नाम कर चुकी है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 6 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस टीम को विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.1 ओवरों में 52 रन की साझेदारी की। कोहली 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद साल्ट ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 47 रन जुटाए।