दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने 2025-26 सीजन के लिए क्लबों और खिलाड़ियों को कुल 1.43 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी। एसोसिएशन ने इस बार सभी कैटेगरी में पुरस्कार राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
ये पुरस्कार गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित सालाना पुरस्कार वितरण समारोह में दिए गए। इसमें डीडीसीए के अलग-अलग टूर्नामेंट में चैंपियन, रनर-अप और बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। समारोह में डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली, सचिव अशोक शर्मा, उपाध्यक्ष शिखा कुमार, कोषाध्यक्ष हरीश सिंगला और संयुक्त सचिव अमित ग्रोवर भी मौजूद रहे।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए डीडीसीए ने एक बड़ा फैसला लिया। पहली बार महिला टी20 लीग में खेलने वाले क्लबों के लिए भी पुरस्कार राशि शुरू की गई है। टूर्नामेंट के 10 ग्रुपों में से प्रत्येक ग्रुप की विजेता टीम को 2 लाख रुपये जबकि उपविजेता टीम को 1.75 लाख रुपये दिए गए।