उत्तराखंड के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल का कहना है कि देहरादून टी20 लीग जैसे टूर्नामेंट स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर खुद को साबित करने का मौका देते हैं और इससे उन्हें आगामी घरेलू सीजन की चुनौतियों के लिए तैयार होने में भी मदद मिलती है।
इस टूर्नामेंट में मसूरी थंडर्स की कप्तानी कर रहे मधवाल ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी इस टूर्नामेंट को उसी जोश और गंभीरता से ले रहे हैं जैसा वे आईपीएल या भारत के लिए खेलते समय दिखाते हैं। मधवाल ने 'आईएएनएस' से खास बातचीत में कहा, "सबसे पहले, खिलाड़ी के तौर पर हमें हर मैच में खुद को साबित करना होता है। हम खेल को हल्के में नहीं लेते। जब भी हम खेलने जाते हैं और मैदान पर उतरते हैं, तो हमारे लिए हर मैच भारत या आईपीएल के मैच जैसा ही होता है, चाहे हम कोई भी क्रिकेट खेल रहे हों।"
उत्तराखंड के तेज गेंदबाज ने राज्य में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और मौकों में हुई बढ़ोतरी पर भी जोर दिया और खिलाड़ियों के लिए आयोजित हो रहे टूर्नामेंटों की बढ़ती संख्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "दूसरी बात, पहले उत्तराखंड में क्रिकेट बहुत सीमित था। अब बहुत अच्छे मंच मौजूद हैं। उदाहरण के लिए यह हमारा तीसरा जिला टूर्नामेंट है और यह बहुत ऊंचे स्तर पर हो रहा है। इसका श्रेय हमारी एसोसिएशन सीएयू को जाता है, जो हमें इतना क्रिकेट खेलने का मौका दे रहे हैं।"