बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को 95वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) के बाद कहा कि सीनियर पुरुष टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर अगले 15 दिनों के भीतर फैसला लिया जाएगा।
जुलाई 2023 में चीफ सिलेक्टर बने अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। उनके कार्यकाल में भारत वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल तक पहुंचा। इसके बाद टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता। इसके साथ ही, इस साल की शुरुआत में भारत ने अपने घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का सफलतापूर्वक बचाव भी किया।
उनका कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो रहा है और बीसीसीआई को इस पर फैसला करना होगा क्योंकि भारत पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के आखिरी चरण में प्रवेश कर रहा है। सैकिया ने पत्रकारों से कहा, "आज किसी व्यक्ति विशेष के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। हमारे पास अभी भी 15 दिन हैं। हम फैसला लेंगे और सही समय पर आपको बता देंगे।"